बच्चे को बचाने के चलते एक के बाद एक सात बच्चे तालाब में डूब गए
बिहार के सारण जिले के अंतर्गत इसुआपुर थाना क्षेत्र के डोइला गांव में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया | यहां तालाब में नहाने गए 7 बच्चों की डूबने से मौत हो गई | प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के दर्जनों बच्चे तालाब में स्नान कर रहे थे | बरसात की वजह से तालाब में पानी भी ज्यादा था | इसी दौरान एक बच्चा डूबने लगा और उसे बचाने के चलते एक के बाद एक सात बच्चे तालाब में डूब गए | इस घटना की खबर से पूरे गांव में मातम पसर गया है | घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थानाध्यक्ष रूपेश कुमार वर्मा दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से बच्चों के शवों को निकाला गया | समाचार लिखे जाने तक 6 बच्चों के शवों को निकाल लिया गया है | अभी एक बच्चे के शव को निकालने के लिए गोताखोर प्रयास में जुटे हुए हैं | मृत बच्चों में मुन्ना नट का पुत्र राजा नट, वीरेंद्र नट का पुत्र अर्जुन नट, जितेंद्र नट का पुत्र बिट्टू नट, कीमा नटका पुत्र सूरज नट एवं चंदन नट तथा हरिशंकर नट का पुत्र गोलू नट शामिल हैं | हालांकि शवों को निकालने के बाद सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां सभी को मृत घोषित कर दिया गया |



