चुनावी मौसम में एक बार फिर जिन्ना का जिन्न लौट आया
चुनावी मौसम में एक बार फिर जिन्ना का जिन्न लौट आया है | हाल ही में बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में आए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा है कि आजादी और विकास में मोहम्मद अली जिन्ना का भी योगदान रहा है | मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के सौसर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सिन्हा ने कांग्रेस पार्टी की तारीफ करते हुए जवाहर लाल नेहरू, महात्मा गांधी, सरदार पटेल का जिक्र किया | इसी दौरान उन्होंने जिन्ना की तारीफ कर दी | उन्होंने कहा - सरदार पटेल से लेकर नेहरू तक, महात्मा गांधी से लेकर जिन्ना तक, इंदिरा गांधी से लेकर राहुल गांधी तक, भारत की आजादी और विकास में सभी का योगदान है | इसलिए मैं कांग्रेस पार्टी में आया | कुछ महीने पहले अलीगढ़ यूनिवर्सिटी और अन्य जगहों पर जिन्ना की तस्वीर को लेकर खूब हंगामा हुआ था |
छिंदवाड़ा सीट से कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ कांग्रेस के उम्मीदवार हैं | चुनावी रैली में शत्रुघ्न सिन्हा ने बिना नाम लिए प्रधानमंत्री पर हमला बोला | उन्होंने कहा कि व्यक्ति से बड़ा पार्टी होता है, पार्टी से बड़ा देश होता है, देश से बड़ा कुछ नहीं होता है | उन्होंने नोटबंदी-जीएसटी के मुद्दे पर पर मोदी सरकार को घेरा और कहा कि जैसे ही उन्होंने नोटबंदी के बाद जीएसटी लागू किया तो वहां बिल्कुल नीम के ऊपर करेला था | शत्रुघ्न सिन्हा के साथ मंच पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ भी मौजूद थे उन्होंने जनता को सम्बोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर और मोदी पर प्रहार किया | मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा 21 लाख किसानों का कर्जा माफ किया है | सौसर में आप गवाह हैं | शिवराज सिंह चौहान चिल्ला रहे हैं कि कर्जा माफ नहीं हुआ, कर्जा माफ नहीं हो रहा है | शिवराज चौहान आपने 15 साल झूठ बोला है | मैंने तो वचन दिया है जैसे ही लोकसभा का चुनाव खत्म होता है हर किसान का कर्जा माफ होगा | दो लाख तक का कर्जा माफ होगा |







