मौसम विभाग ने आधा दर्जन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया
मुंबई में मानसून ने दस्तक दे दी है | मुंबई के कई इलाकों में कल देर रात से ही झमाझम बारिश हो रही है | कई इलाकों में बारिश के चलते जलभराव की स्थिति बन गई है | मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश का ये दौर अगले तीन दिनों तक यूं ही जारी रह सकता है | इसके अलावा देश के अन्य हिस्सों में बारिश की संभावना है | मौसम विभाग ने देश के आधा दर्जन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है | मौसम विभाग ने देश के 6 राज्यों के लिए बकायदा नारंगी रंग की चेतावनी जारी की है | इसका मतलब इन जगहों पर सतर्कता बरतने और तैयार रहने की जरूरत है | इन राज्यों में मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कई इलाकों में अगले महीने 2 तारीख तक भारी से भारी बारिश हो सकती है | इस साल मानसून बहुत देरी के साथ और काफी कमजोर चल रहा है | मानसून अभी तक पूरे देश में ठीक से पहुंच नहीं पाया है | लिहाजा इस महीने 28 जून तक देश में सामान्य से 35 फीसदी तक कम बारिश हुई है | कई मौसम विभाग एजेंसियां इस बात को पहले भी जता चुकी थीं कि जून का जो महीना है वो बारिश के लिहाज से काफी कमजोर होता दिखाई दे रहा है | जुलाई में मानसून में सुधार देखने को मिलेगा | अनुमान लगाया जा रहा है कि 1 जुलाई को मानसून दिल्ली पहुंच सकता है और 15 जुलाई तक इसके पूरे देश में छा जाने की उम्मीद है |



