राज्यपाल ने मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर को पदमुक्त किया
उत्तर प्रदेश के राज्यपाल श्री राम नाईक ने मंत्रिमण्डल के सदस्य श्री ओम प्रकाश राजभर, मंत्री पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं विकलांग जन विकास को तात्कालिक प्रभाव से प्रदेश मंत्रिमण्डल की सदस्यता से पदमुक्त कर दिया है। श्री नाईक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्ताव पर श्री ओम प्रकाश राजभर को मंत्री पद से मुक्त करने के लिये अपना अनुमोदन प्रदान कर दिया है। इससे पहले भी श्री राजभर पिछड़े वर्ग के मुद्दों को लेकर योगी सरकार को घेरते रहे हैं।
हालांकि चुनाव के बाद उनकी मंत्रिमंडल से विदाई के कयास लगाये जा रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अनुशंसा पर राज्यपाल रामनाईक ने सोमवार को श्री राजभर को मंत्री पद से मुक्त करने के लिये अपना अनुमोदन प्रदान कर दिया। योगी सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं विकलांग जन विकास मंत्री रहे श्री राजभर ने लोकसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से अलग होकर चुनाव लड़ने का एलान किया था।

