सूत्रों के मुताबिक महाराष्ट्र में राज्यपाल ने राष्ट्रपति शासन की सिफारिश कर दी
महाराष्ट्र में शिवसेना को समर्थन देने के मुद्दे पर कांग्रेस और एनसीपी के मंथन के बीच सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल ने राष्ट्रपति शासन की सिफारिश कर दी है | नौ नवंबर को पिछले विधानसभा की मियाद खत्म हुई थी | इससे पहले राज्यपाल ने बीजेपी, शिवसेना के बाद एनसीपी को आज शाम साढ़े आठ बजे तक समर्थन जुटाने का वक्त दिया था | लेकिन सूत्रों के मुताबिक संभवतया राज्यपाल को ऐसा लगा कि कोई भी दल या गठबंधन स्थिर सरकार बनाने के पक्ष में नहीं है, लिहाजा राष्ट्रपति शासन की सिफारिश की | हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है | इसके साथ ही पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के सियासी संकट पर कैबिनेट बैठक अपने आवास पर बुलाई | आज दोपहर बाद ब्राजील दौरे पर जाने से पहले कैबिनेट की बैठक हो रही है | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी ब्रिक्स यात्रा से पहले कैबिनेट की बैठक बुलाई | इस बैठक में महाराष्ट्र के राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई | हालांकि अभी साफ नहीं है कि इस बैठक में क्या फैसला लिया गया, लेकिन सूत्रों की माने तो मोदी कैबिनेट महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाने पर फैसला लेगी और कैबिनेट की अनुशंसा को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पास भेजेगी | इससे पहले महाराष्ट्र के गवर्नर भगत सिंह कोश्यारी ने केंद्र और कानूनविदों से हालात पर कानूनी सलाह ली | वहीं, अगर महाराष्ट्र के राज्यपाल राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाते हैं, तो शिवसेना सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकती है | उद्धव ठाकरे ने इस मुद्दे पर कपिल सिब्बल और अहमद पटेल से बात की है |































