क्या कोई नहीं खरीदना चाहता दाऊद के सहयोगी की संपत्ति ?
अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के सहयोगी इकबाल मिर्ची के मुंबई स्थित संपत्तियों को खरीदने के लिए किसी ने भी दिलचस्पी नहीं दिखाई | अधिकारियों का कहना है कि बोली के लिए जो कीमत लगाई गई थी वो हो सकता है अधिक हो इसलिए नीलामी सफल नहीं रही |
बता दें कि इकबाल मिर्ची और उसके परिवार के सदस्यों से जुड़ी दो संपत्तियों की नीलामी स्मग्लर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स एक्ट (SAFEMA) ने की | ये दोनों संपत्तियां सांता क्रूज वेस्ट के मिल्टन अपार्टमेंट्स के फ्लैट नंबर 501 और 502 हैं | 1245 स्क्वेयर फीट वाले दोनों फ्लैट्स की नीलामी का रिजर्व प्राइज 3.45 करोड़ रुपये है |
ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इकबाल मिर्ची के परिवार के पास ब्रिटेन में 25 संपत्तियां है। इनमें अकेले लंदन में 16 संपत्तियों की मालकिन इकबाल मिर्ची की पत्नी हाजरा मिर्ची है। ये सभी संपत्तियां काउंटी प्रोपर्टीज लिमिटेड और यूसकोंबे लिमिटेड नाम की दो कंपनियां के नाम पर है, लेकिन ये कंपनियां असल में हाजरा मिर्ची की ही है। ब्रिटेन की चार कंपनियों रिड्ज, टापलाइन इस्टेट, क्यूये मैनेजमेंट (वाटरसाइड)और इंपीरियल होटल (डार्टफोर्ड) के नाम पर लंदन स्थित छह संपत्तियां इकबाल मिर्ची परिवार की ही हैं।













