महाराष्ट्र: शिवसेना ने कहा 5 नहीं 25 साल करेंगे राज़
महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगने के बावजूद सियासी उठापटक एवं बयानबाजियों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शिवसेना नेता संजय राउत से शुक्रवार को संवाददाताओं ने सवाल पूछा था कि क्या राज्य में बनने वाली नई सरकार में शिवसेना का मुख्यमंत्री पांच साल के लिए होगा या ढाई साल एनसीपी और ढाई साल उसका सीएम होगा। इस पर राउत ने कहा कि आप लोग केवल पांच साल की बात क्यों करते हो। हम तो चाहते हैं कि आने वाले 25 साल तक शिवसेना का ही मुख्यमंत्री हो।
इस बीच, समाचार एजेंसी एएनआइ ने जानकारी दी है कि कल यानी शनिवार को शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी के नेता राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में किसानों की समस्याओं के मसले पर बातचीत होगी। राकांपा नेता नवाब मलिक ने बताया कि राज्यपाल ने तीनों दलों को समय दे दिया है। राकांपा नेता शरद पवार (Sharad Pawar) ने कहा है कि महाराष्ट्र में सरकार गठन (Maharashtra government formation) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नई सरकार पूरे पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी।
वहीं राकांपा नेता नवाब मलिक ने कहा कि एक ही सवाल बार बार पूछा जा रहा है कि शिवसेना का मुख्यमंत्री होगा क्या। आपको मालूम होगा कि सीएम पोस्ट को लेकर ही भाजपा और शिवसेना के बीच विवाद हुआ था। ऐसे में निश्चित रूप से मुख्यमंत्री शिवसेना का ही होगा।
इस बीच केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Union Minister Nitin Gadkari) ने कहा है कि महाराष्ट्र में कोई भी सरकार बनाए लेकिन केंद्र सरकार की ओर से विकास परियोजनाओं का काम जारी रहेगा।































