कंपनी टाटा मोटर्स ने फरवरी में केवल एक नैनो कार बेची, जाने कंपनी का क्या है प्लान
वाहन बनाने वाली देश की प्रमुख कंपनी टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने इस साल के पहले नौ महीने में कम कीमत वाली अपनी नैनो (nano) कार की एक भी यूनिट का उत्पादन नहीं किया है | कंपनी ने फरवरी में केवल एक कार बेची थी | हालांकि टाटा मोटर्स ने आधिकारिक रूप से इस मॉडल को बंद करने के बारे में कोई घोषणा नहीं की है | कंपनी अब तक कहती रही है कि नैनो के भविष्य को लेकर कोई फैसला नहीं किया गया है | कार उत्पादन की योजना मांग, पहले के बचे भंडार और नियोजित दक्षता पर आधारित है | हालांकि टाटा मोटर्स ये स्वीकार करती है कि नैनो का मौजूदा रूप नए सुरक्षा नियमन और भारत स्टेज-6 (BS-VI) उत्सर्जन मानकों को पूरा नहीं कर पाएगा | कंपनी की शेयर बाजारों को दी गई सूचना के अनुसार इस साल सितंबर में घरेलू बाजार में नैनो का उत्पादन और बिक्री नहीं हुई |
ये लगातार नौवां महीना है जब टाटा मोटर्स ने नैनो की एक भी इकाई का उत्पादन नहीं किया | फरवरी में मात्र एक कार बेचने के बाद कंपनी ने अब तक एक भी नैनो कार नहीं बेची है | कंपनी ने 2008 में नैनो को पेश किया था | इसे लोगों की कार के रूप में पेश किया गया था | लेकिन इसकी बिक्री लगातार घटती रही | पिछले साल जनवरी-सितंबर के दौरान टाटा मोटर्स ने घरेलू बाजार में 297 इकाई का उत्पादन किया जबकि 299 कार बेची | नैनो का उत्पादन बंद करने के मुद्दे पर टाटा मोटर्स ने कहा - किसी प्रोडक्ट के जीवन चक्र पर निर्णय एक समग्र विचार है | बाजार की गतिविधियों, नियमन और उभरते प्रतिस्पर्धी परिदृश्य के आधार पर यह निर्णय किया जाता है | जब भी इस प्रकार का निर्णय किया जाएगा, इसकी घोषणा की जाएगी | हालांकि कंपनी अधिकारियों ने संकेत दिया कि नेनो का उत्पादन और बिक्री अप्रैल 2020 से बंद होगी |




