आईपीएल 12 के लिए बीएसएनएल ने दो नए प्रीपेड प्लान जारी किए
इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल (IPL) का आगाज आज से हो रहा है। आईपीएल की शुरुआत से पहले ही सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने दो नए प्रीपेड प्लान जारी किए हैं, जिनकी कीमत 199 रुपए और 499 रुपए है। ये दोनों ही प्लान डेली डेटा लाभ, अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग और फ्री क्रिकेट एसएमएस अलर्ट के साथ आते हैं। बीएसएनएल (BSNL) के 199 रुपए के प्लान की वैधता 28 दिन है, जबकि 499 रुपए के प्लान की वैधता 90 दिनों की है।
दोनों ही प्लान में उपभोक्ताओं को रोजाना 1जीबी डेटा मिल रहा है, जिसकी मदद से यूजर्स लाइव क्रिकेट देख सकते हैं। यदि लाइव मैच देखने के लिए रोजाना मिल रहा 1 जीबी डेटा पर्याप्त नहीं होता है, तो आप एसएमएस अलर्ट के जरिए क्रिकेट की लाइव अपडेट पा सकते हैं। हालांकि इस बात की अभी कोई जानकारी नहीं है कि बीएसएनएल के इन प्लान पर 2.2 जीबी एक्स्ट्रा डेटा लाभ मिलेगा या नहीं। ये दोनों ही प्लान देशभर के सभी 20 सर्किल में उपलब्ध हैं, जहां बीएसएनएल की सेवा काम करती है।

