11 लाख रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन का बोनस मिलेगा- केंद्रीय कैबिनेट
सरकार ने रेलवे के कर्मचारियों को फेस्टिवल सीजन से पहले तोहफा दिया है। कैबिनेट ने 11 लाख रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन का बोनस देने का एलान किया है। ये लगातार छठा साल होगा जब रेलवे कर्मचारियों को बोनस मिलेगा। इस पर सरकार 2024 करोड़ रुपए खर्च करेगी। कैबिनेट ने ई सिगरेट पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। रेलवे के कर्मचारियों को बोनस देने का एलान कैबिनेट मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने किया है। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हो रहा है कि कोई सरकार लगातार रेलवे के कर्मचारियों को 6 साल तक बोनस दे रही है।

उन्होंने कहा ये बोनस रेलवे के कर्मचारियों की मेहनत का तोहफा है। फेस्टिवल सीजन से पहले कर्मचारियों को मिलने वाले इस बोनस से बाजार में मांग भी बढ़ने की संभावना है। रेलवे में 11 लाख से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं। ये बोनस नॉन गैजेटेड कर्मचारियों को मिलेगा। ये एक तरह का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस है। पिछले साल प्रति कर्मचारी बोनस की अधिकतम रकम 17951 रुपए थी। हर साल रेलवे के कर्मचारियों को दशहरा की पूजा की छुट्टी के पहले ये बोनस दिया जाता है। रेलवे में प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस को 1979 में लाया गया था। पहले 72 दिन के वेतन के बराबर बोनस दिया जाता था।





























