प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस तरह दी जन्मदिन की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके जन्मदिन के मौके पर ट्वीट करके बधाई दी है | यूपी के मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 47 साल के हो गए हैं | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा - उत्तर प्रदेश के गतिशील मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को उनके जन्मदिन पर बधाई | योगी जी ने उत्तर प्रदेश को बदलने में सराहनीय काम किया है, विशेषकर कृषि, उद्योग जैसे क्षेत्रों में और साथ ही कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाया है | मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं |
यूपी के मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं | मूल रूप से उत्तराखंड के राजपूत परिवार में जन्मे आदित्यनाथ का असली नाम अजय सिंह हैं और गोरखपुर से लगातार पांच बार बीजेपी के सांसद रहे हैं | पहली बार उन्होंने 1998 में लोकसभा का चुनाव जीता था तब उनकी उम्र 26 साल थी | योगी आदित्यनाथ इस वक्त यूपी के सीएम होने के अलावा गोरखपुर के गोरखनाथ मठ के महंत भी हैं | जबकि उनका एक धार्मिक संगठन हिंदू युवा वाहिनी भी चलता है, जिसका पूर्वी उत्तर प्रदेश में खासा दबदबा है | 5 जून 1972, उत्तराखंड (तब उत्तर प्रदेश था) के पौड़ी जिला स्थित यमकेश्वर तहसील के पंचूर गांव के राजपूत परिवार में योगी आदित्यनाथ का जन्म हुआ था | 1977 में टिहरी के गजा के स्थानीय स्कूल में पढ़ाई शुरू की | स्कूल और कॉलेज सर्टिफिकेट में इनका नाम अजय मोहन बिष्ट है |





























