लखनऊ में सीएम योगी से रवि किशन ने की मुलाकात
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृहनगर गोरखपुर में भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीते भोजपुरी स्टार रवि किशन ने दिल्ली जाने से पहले शनिवार सुबह लखनऊ में सीएम योगी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। रवि किशन ने गाेरखपुर में गठबंधन प्रत्याशी रामभुवाल निषाद को 3,01,664 वोटों से हराया है। रवि किशन को 7,17,122 मत मिले। जबकि राम भुवाल निषाद को 4,15,458 मत मिले। रवि किशन को भाजपा ने जब गोरखपुर से उम्मीदवार घोषित किया तो विपक्षी नेताओं ने उन पर बाहरी होने का आरोप लगाया।
हालांकि रवि किशन अपने को गोरखपुर से जोड़ते रहे। उन्होंने अपनी सभाओं में बार-बार यह कहा कि उनका मामगंज में ननिहाल है। उनका गोरखपुर से पुराना रिश्ता है। जीतने के बाद भी वे गोरखपुर नहीं छोड़ेंगे। रवि किशन ने गोरखपुर से पांच बार सांसद रहे योगी आदित्यनाथ का रिकाॅर्ड तोड़ दिया है। 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ को 5,39,127 करीब 52 फीसदी वोट हासिल किया था, जो योगी के राजनीतिक सफर का सबसे बड़ा आंकड़ा था। वहीं योगी को उनके पहले 1998 के चुनाव में 2,68,428 मत मिले थे। जबकि रवि किशन को इस बार चुनाव में सात लाख से अधिक वोट मिला है।





























