गाजियाबाद: आठवीं मंजिल से कूद कर तीन लोगों ने आत्महत्या की
दिल्ली (Delhi) से सटे गाजियाबाद (Ghaziabad) के इंदिरापुरम (Indirapuram) के वैभव खंड (Vaibhav Khand) स्थित एक सोसाइटी के अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से पति और उसकी दो पत्नियां नीचे कूद गई | इसमें एक महिला और पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई जिसने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया |
जानकारी के मुताबिक कूदने से पहले मृतक पति और पत्नी ने सो रहे अपने दो बच्चों की गला दबाकर हत्या कर दी | साथ ही उन्होंने अपने घर में मौजूद एक खरगोश की भी हत्या कर दी थी | सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की तफ्तीश की जा रही है | पुलिस ने घटना के पीछे घरेलू कलह और आर्थिक तंगी की आशंका जताई है | गाजियाबाद के एसएसपी सुधीर कुमार ने बताया कि मामला कृष्णा अपरा सफायर के फ्लैट नंबर A-805 का है | यहां रह रहे एक पुरुष और दो महिलाओं ने आत्महत्या की नीयत से अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से छलांग लगा दी | जिससे इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हुई | उन्होंने बताया कि फ्लैट खोलकर देखा गया तो अंदर दो बच्चों के शव पड़े थे |
इनमें से एक लड़का है जिसकी उम्र करीब 12 साल है जबकि दूसरा शव लड़की की है जिसकी उम्र लगभग 11 साल है | घर की दीवार पर सुसाइड नोट लिखा है | जिससे ये पता चल रहा है कि आर्थिंक तंगी की वजह से यह कदम उठाया गया है | ये परिवार एक महीने पहले ही यहां रहने आया था | परिवार मूलतः दिल्ली का रहने वाला है | इनके परिजनों को सूचना दे दी गई है | आगे की तफ्तीश जारी है | पुलिस को घर की दीवार पर लिखा हुआ एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें लिखा है कि क्रिया कर्म के पैसे, हमारी पांचों की आखिरी तमन्ना है कि हमारी लाशों को एक साथ जलाया जाए। हमारी मौत का जिम्मेदार है राकेश वर्मा। मरने वाला शख्स पांच सौ रुपये के साथ एक चेक भी छोड़ कर गया है। सोसाइटी के सिक्युरिटी गार्ड एजाज करीम खान ने बताया कि मंगलवार सुबह पांच बजे की यह घटना है | अचानक जोर की आवाज आई तो उसने जाकर देखा कि वहां तीन लोग गिरे हुए थे | ये सभी लोग फ्लैट संख्या A-805 में रहते थे | उसने कहा कि परिवार के लोग शांत स्वभाव के थे और लोगों के साथ ज्यादा बातचीत नहीं किया करते थे | कभी उन्होंने कोई शिकायत भी नहीं की |


