उन्नाव रेप कांड: आज ट्रक ड्राइवर और क्लीनर का टेस्ट कराया जाएगा
उन्नाव रेप कांड में पीड़िता की कार दुर्घटना मामले में सीबीआई कोर्ट ने जांच टीम को ट्रक चालक आशीष कुमार पाल और क्लीनर मोहन श्रीवास के नार्को टेस्ट और ब्रेन मैपिंग की अनुमति दे दी है, जिसके बाद आज दोनों का टेस्ट कराया जाएगा | विवेचनाधिकारी की अपील पर सीबीआई कोर्ट के प्रभारी न्यायिक मजिस्ट्रेट सुब्रत पाठक ने इसकी अनुमति जांच टीम को इसकी अनुमति दे दी है, जिसके बाद गांधीनगर में दोनों का टेस्ट कराया जाएगा | बीते शुक्रवार को सीबीआई के डिप्टी एसपी राम सिंह ने अभियुक्तों का नार्को टेस्ट, ब्रेन मैपिंग और फिंगर प्रिंट टेस्ट कराए जाने की अनुमति मांगी थी | उन्होंने कहा था कि इस मामले की विवेचना के लिए अभियुक्तों की यह सभी टेस्ट कराया जाना अति आवश्यक है | जिसके बाद कोर्ट ने सीबीआई जांच टीम की अर्जी और अभियुक्तों की सहमति पर सभी टेस्टों की अनुमति दे दी है | वहीं कोर्ट ने टेस्ट की अनुमति देने के साथ ही अभियुक्तों को 14 अगस्त की चार बजे तक सीबीआई को सौंपने का भी आदेश दिया है | बता दें पीड़िता 28 जुलाई को अपनी चाची, मौसी और वकील के साथ अपने चाचा से मिलने रायबरेली जेल जा रही थी, तभी रायबरेली में पीड़िता की कार को एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी | इस हादसे में पीड़िता की चाची और मौसी सहित ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि पीड़िता और उसके वकील दोनों की हालत गंभीर है | पीड़िता और वकील दोनों का इलाज अभी दिल्ली के एम्स में चल रहा है |































