उद्धव ठाकरे को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाने के लिए NCP, कांग्रेस और शिवसेना में बनी सहमति
महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन को लेकर मुंबई के वर्ली इलाके स्थित नेहरु सेंटर में कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी ने शुक्रवार शाम को बैठक की | इस बैठक में अहम पटेल, पृथ्वीराज चव्हाण, बाला साहेब थोराट, शिवसेना नेता सुभाष देसाई, एकनाथ शिंदे, शरद पवार, जयंत पाटिल, प्रफुल पटेल, उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे मौजूद रहे | बैठक के बाद एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बनेंगे | उन्होंने कहा कि विस्तार से जानकारी शनिवार को मीडिया से बातचीत करके दी जाएगी | महाराष्ट्र में सरकार गठन के लिए राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने के बीच शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को अपनी पार्टी के विधायकों से यहां मुलाकात की और उनसे कहा कि राज्य में उनकी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार बनने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है |
शिवसेना विधायक भास्कर जाधव ने बताया कि ठाकरे ने सरकार गठन की प्रक्रिया और दिल्ली में कांग्रेस-राकांपा नेताओं के बीच बैठकों के बारे में विधायकों को अवगत कराने के लिये उनसे मुलाकात की। उन्होंने कहा - उद्धव ने हमसे मुलाकात की और कहा कि शिवसेना नीत सरकार गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है | कांग्रेस नेता माणिकराव ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री शिवसेना का होगा और शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा ने सरकार गठन पर राज्यस्तरीय बैठकों में इस पद की मांग नहीं की है | सूत्रों ने बताया है कि मुख्यमंत्री पद पांच साल के लिए शिवसेना को दिया जा सकता है | ठाकरे ने कहा कि शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा के नेता कुछ लंबित मामलों को स्पष्ट करने के लिए शुक्रवार को बाद में साथ में बैठेंगे और सरकार गठन का दावा करने के लिए राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलने के समय को लेकर फैसला लेंगे | उन्होंने कहा - मुख्यमंत्री शिवसेना से होगा...राकांपा ने राज्यस्तरीय बैठकों में मुख्यमंत्री के पद की मांग नहीं की है |


