घोषणापत्र में लोगों की उम्मीदों का ख्याल रखा गया , गरीबी पर वार, 72 हजार
कांग्रेस ने घोषणापत्र 2019 का नाम 'जन आवाज' दिया है | कांग्रेस घोषणापत्र कमेटी के अध्यक्ष पी चिंदबरम ने कहा कि आज देश में बेरोजगारी बड़ी समस्या है | हमने घोषणापत्र में इसपर ध्यान दिया है | मोदी सरकार में 4 करोड़ 70 लाख नौकरियां गईं | कांग्रेस का घोषणापत्र जारी किये जाने के मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि घोषणापत्र में किये वादे को कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाएं | घोषणापत्र में सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है | पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस का घोषणापत्र 'जन आवाज' जारी किया | इस मौके पर राहुल गांधी ने कहा कि हमने कई महीने पहले घोषणापत्र बनाने के लिए कहा और लोगों से बात करने के लिए कहा |
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश के 20 प्रतिशत गरीब परिवारों को हर महीने सीधा पैसा ट्रांसफर किया जाएगा | इस योजना को 'न्याय' नाम दिया गया है | हमने इस संबंध में कई लोगों से राय ली | सभी ने कहा कि साल में 72 हजार रुपये बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किया जा सकता है | कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो किसानों के लिए अलग बजट बनाया जाएगा | छोटे कारोबारियों की मदद की जाएगी | उन्हें कंपनी खोलने के लिए तीन साल तक कोई अनुमति नहीं लेनी होगी |

