PF खाता धारकों को मोदी सरकार ने दिया दिवाली गिफ्ट
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के 6 करोड़ से अधिक सदस्यों को वित्त वर्ष 2018-19 के लिए 8.65 प्रतिशत की दर से ब्याज मिलेगा। श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि ईपीएफओ जल्द अपने 6 करोड़ सदस्यों के खातों में ब्याज को क्रेडिट करेगा। ईपीएफओ के लिए निर्णय लेने वाले शीर्ष निकाय केंद्रीय न्यासी बोर्ड ने इस साल फरवरी में बीते वित्त वर्ष के लिए 8.65 प्रतिशत की दर से ब्याज देने की अनुमति दी थी। बाद में इस प्रस्ताव को वित्त मंत्रालय की मंजूरी के लिए भेजा गया।
श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि वित्त मंत्री 8.65 फीसदी ब्याज दर के लिए सहमत थी। इससे पहले ये खबरें आ रही थी कि वित्त मंत्रालय ब्याज दर कम करने के लिए कह रहा है। हालांकि, अब 8.65 फीसदी की दर से ईपीएफ अंशधारकों को ब्याज मिलेगा। गंगवार ने कहा कि अब जल्द ही ये ब्याज खाताधारकों को मिलेगा। इसके अलावा, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) इस ब्याज दर पर भविष्य निधि कोष की निकासी के दावों का निपटान कर सकेंगे। फिलहाल, भविष्य निधि निकासी दावों के तहत ईपीएफओ 2018-19 के लिए 8.65 प्रतिशत की दर से ब्याज का भुगतान कर रही है। वहीं, वित्त वर्ष 2017-18 के लिए ईपीएफ जमा पर 8.55 प्रतिशत की ब्याज दर से ब्याज दिया गया था।

