मेलबॉक्स में आए इस ईमेल पर गलती से भी क्लिक मत कर देना
सरकारी साइबर सुरक्षा एजेंसी (Federal Cyber Security Agency) ने लोगों को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट (Income Tax Department) के नाम से भेजे जा रहे नकली ई-मेल के प्रति सावधान किया है | एजेंसी ने कहा है कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की आड़ में करदाताओं (Taxpayers) की सूचना चुराने वाला एक कंप्यूटर मालवेयर इन दिनों भारतीय साइबरस्पेश (Indian Cyberspace) में चल रहा है | एजेंसी ने जारी चेतावनी में कहा है कि इन दिनों कई लोगों को एक ई-मेल मिल रहा है, जिसे देखने में प्रतीत होता है कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने भेजा है | जबकि वास्तव में यह हैकरों का तैयार किया मालवेयर है जो कंप्यूटर से जानकारियां चुराता है | इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT-In) द्वारा जारी परामर्श के अनुसार, कम से कम 12 सितंबर से फिशिंग व मालवेयर का यह गोरखधंधा सक्रिय है और यह लोगों समेत वित्तीय संगठनों को निशाना बना रहा है | ये फर्जी ईंमेल देखने में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के मालूम पड़ते हैं | एक वरिष्ठ कर अधिकारी ने कहा कि लोग आयकर भरने, रिफंड का दावा करने तथा अन्य कार्यों को लेकर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के प्रति अधिक सजग रहते हैं | इसी कारण धोखाधड़ी करने वाले लोग इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का नाम इस्तेमाल कर लोगों को ई-मेल भेजते हैं | उन्होंने कहा कि आपको अपने इनकम टैक्स रिकॉर्ड या बैंकिंग के मसलों से जुड़े संदिग्ध ई-मेल से बचाव करना महत्वपूर्ण है | डिपार्टमेंट ने इस तरह की धोखाधड़ी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिये कई अभियान चलाये हैं | परामर्श में बताया गया कि कम से कम दो तरह के ई-मेल पाये गये हैं | पहले तरीके वाले ई-मेल में डॉट आईएमजी (.img) या डॉट पीआईएफ (.pif) फाइल अटैच होता है | दूसरी तरह के ई-मेल में लोगों को एक डॉट पीआईएफ (.pif) फाइल डाउनलोड करने के लिये कहा जाता है, जिसके लिये इनकमटैक्सइंडिया डॉट इंफो (incometaxindia[.]info) डोमेन पर जाने के लिये कहा जाता है | परामर्श में कहा गया कि उक्त डोमेन को अब बंद कर दिया गया है | सीईआरटी ने लोगों को संदिग्ध स्रोतों से कोई फाइल डाउनलोड करने, संदिग्ध ई-मेल में अटैच फाइल को खोलने तथा इस तरह के ई-मेल में दिये गये लिंक पर क्लिक करने से मना किया है |

