भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2 वनडे मैच आज
टी-20 सीरीज जीतने के बाद अब टीम इंडिया की नजरें वन-डे सीरीज जीतने पर है। हालांकि तीन मैचों की वन-डे सीरीज का पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था और आज सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। लेकिन दोनों ही टीमें वर्ल्ड कप के बाद अपने कई खिलाड़ियों को आजमाते हुए जीत दर्ज करना चाहेंगी। वेस्टइंडीज की टीम जहां गेल को सीरीज जीत के साथ विदाई देना चाहेगी वहीं टीम इंडिया भी जीत के साथ वर्ल्ड कप की हार को भुलाना चाहेगी। वही भारतीय टीम धोनी की गैरमौजूदगी में फिर से अपने मध्यक्रम को परखना चाहेगी | चोट की वजह से वर्ल्ड कप के बीच से ही बाहर होने वाले धवन फिर से टीम के साथ जुड़ गए हैं, ऐसे में वे एक बार फिर से अपने जोड़ीदार रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
कप्तान विराट कोहली फिर से मध्यक्रम का नेतृत्व करेंगे और तीसरे नंबर पर ही बल्लेबाजी करते दिखेंगे। नंबर चार पर राहुल की जगह श्रेयस अय्यर की जगह तय है क्योंकि पहले मैच में भी अय्यर ही टीम में शामिल थे। टीम में एक बार फिर से केदार जाधव को मौका मिल सकता है। इन दोनों के अलावा विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋषभ पंत के हाथों में ही रहेगी। ऑलराउंडर की भूमिका में अनुभवी रवीन्द्र जडेजा की जगह पक्की है क्योंकि वे अच्छे फॉर्म में हैं। जडेजा निचले क्रम में अच्छी बल्लेबाजी के साथ-साथ किफायती गेंदबाजी भी करते हैं। बुमराह की गैरमौजूदगी में गेंदबाजी की कमान एक बार फिर से भुवनेश्वर और शमी की अनुभवी जोड़ी के हाथों में होगी। इन दोनों के अलावा पिछले मुकाबले में महंगे रहे खलील अहमद को विराट फिर से मौका दे सकते हैं। वहीं फिरकी के लिए कुलदीप यादव को फिर से जगह मिलनी तय है। ये हो सकते है टीम इंडिया के संभावित प्लेइंग XI खिलाड़ी- रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली (कप्तान), श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, केदार जाधव, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, खलील अहमद, मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव |



