अलीगढ़ हत्याकांड: एसआईटी की जांच में ये हुआ खुलासा
अलीगढ़ में ढाई साल की बच्ची से दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है | बच्ची की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस भी सख्त हो गई है | इस मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है | वहीं एसआईटी की जांच में एक बड़ा खुलासा भी सामने आया है | मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी मोहम्मद जाहिद और मोहम्मद असलम ने बच्ची के परिवार से बदला लेने के लिए घटना को अंजाम दिया था | मामले की जांच कर रही एसआईटी टीम को यह भी आशंका है कि बच्ची की हत्या के बाद शव को फ्रिज में रखा गया था | बच्ची के शव को असलम के घर के भूसे में रखा गया था | लेकिन पुलिस को शक है कि लाश को नमी वाली जगह पर रखा गया था | पुलिस ने इस मामले में अब तक चार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है | पुलिस ने मुख्य आरोपी ज़ाहिद और उसकी पत्नी शाहिस्ता समेत 4 लोग गिरफ्तार किया है | एसएसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि जाहिद की पत्नी शाहिस्ता के दुपट्टे में बच्ची का शव लिपटा हुआ था | साथ ही एसएसपी आकाश कुलहरि ने कहा कि हम पीड़ित परिवार से मिले और उन्होंने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है | इस मामले में चार्जशीट दाखिल किया गया है | बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी मेंहदी हसन मुख्य आरोपी जाहिद का भाई है | फिलहाल पुलिस मेंहदी हसन से पूछताछ में जुटी हुई है | मेंहदी पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है | बताया जा रहा है कि जिस दिन मासूम बच्ची का शव मिला, उसी दिन लोगों ने मेंहदी की जमकर पिटाई की थी, जिसके बाद से वे फरार हो गया था | इससे पहले पुलिस ने दो आरोपियों जाहिद और असलम को गिरफ्तार किया था |


