Headline


झंडा लगाने को लेकर भाजपा और तृणमूल के बीच हिंसक झड़प

Medhaj News 9 Jun 19 , 06:01:39 Sports

उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली के नैजाट थाना अंतर्गत दो नंबर ब्लॉक में शनिवार को पार्टी झंडा लगाने को लेकर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गयी | घटना में भाजपा के चार और तृणमूल कांग्रेस के एक समर्थक की मौत की सूचना है | मामले को लेकर भाजपा नेता मुकुल राय ने कहा कि टीएमसी के गुंडों ने हमला किया और हमारे चार कार्यकर्ताओं की गोली मार कर हत्या कर दी | टीएमसी नेता और मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी इस आतंक में शामिल है | हमने मामले को लेकर गृह मंत्री अमित शाह, कैलाश विजयवर्गीय और प्रदेश प्रमुख को मैसेज भेज दिया है | आगे राय ने कहा कि सांसदों का एक दल सोमवार को संदेशखाली का जायजा लेने के लिए जाएगा | सांसद वहां से लौटने के बाद एक रिपोर्ट तैयार करेंगे और गृह मंत्रालय को भेजेंगे |





हम इस हत्याकांड का विरोध लोकतांत्रिक तरीके से करेंगे | पिछले कई दिनों से भाजपा समर्थक संदेशखाली के विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी का झंडा व बैनर लगा रहे थे | इसका तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता विरोध कर रहे थे | मामले में शनिवार की शाम संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस की ओर से रैली निकाली गयी थी | आरोप है कि उसी समय कुछ लोगों ने रैली पर कई राउंड फायरिंग की | एक गोली तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता कय्यूम मोल्ला (24) के सिर पर जा लगी | इसके बाद अपराधियों ने उस पर धारदार हथियार से कई वार उसे मौत के घाट उतार दिया | इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा भी भाजपा समर्थकों पर गोलीबारी करने का आरोप लगा है | भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गोलीबारी में मारे गये भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान प्रदीप मंडल, तपन मंडल व सुकांत मंडल के रूप में हुई है | बताया गया है कि प्रदीप मंडल भाजपा के एससी मोर्चा के मंडल सभापति थे, जबकि तपन मंडल शक्तिकेंद्र प्रमुख व सुकांत मंडल भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे | भाजपा का कहना है कि पार्टी के कई समर्थक घायल हैं | शंकर मंडल, देवदास मंडल, संजय मंडल और संजय मंडल का दामाद घटना के बाद से लापता हैं | घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और रैफ की तैनाती की गयी है |


    Comments

    Leave a comment


    Similar Post You May Like

    Trends

    Special Story

    • न ढूँढ मुझे तू पत्थर में

    • चंद भावपूर्ण पंक्तियाँ.......!