भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बिना कोई विकेट गंवाए 274 रन बना लिए
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में खेला जा रहा है | टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 76 ओवरों में बिना कोई विकेट गंवाए 274 रन बना लिए हैं | रोहित शर्मा (154 रन) और मयंक अग्रवाल (117 रन) क्रीज पर हैं | मयंक अग्रवाल ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ दिया है | अग्रवाल ने अपना शतक 204 गेंदों में पूरा किया | इस दौरान उन्होंने 13 चौके और 2 छक्के लगाए | बता दें कि मयंक अग्रवाल भारत में अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे हैं |
मयंक अग्रवाल ने भारत में पहली ही टेस्ट पारी में शतक जड़ दिया | मयंक ने पिछले साल दिसंबर में मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू किया था जिसमें उन्होंने शानदार 76 रन की पारी खेली थी | रोहित शर्मा ने ओपनिंग करते हुए टेस्ट में अपना पहला शतक ठोक दिया है | रोहित ने 154 गेंदों में 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से सेंचुरी ठोकी है | रोहित के टेस्ट करियर का यह चौथा शतक है | रोहित ने 54वें ओवर की आखिरी गेंद पर सिंगल लेकर शतक पूरा किया | शतक के लिए उन्होंने 154 गेंदों का सामना किया |
रोहित के टेस्ट करियर पर नजर डाली जाए तो उन्होंने 2013 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ शतक लगाकर शानदार आगाज किया था, लेकिन उसके बाद उन्हें अपना स्थान बनाए रखने के लिए संघर्ष करना पड़ा | खराब मौसम के कारण पहले दिन के आखिरी सेशन का खेल नहीं हो सका और समय से काफी पहले दिन के खेल समाप्ति की घोषणा कर दी गई | पहले दिन सिर्फ दो सेशन का ही खेल हो सका | भारत ने टी ब्रेक तक 59.1 ओवरों में बिना किसी विकेट खोए 202 रन बना लिए थे तभी बारिश आई और दूसरे सेशन का खेल खत्म करने की घोषणा कर दी गई | इसके बाद लगातार बारिश जारी रही और अंपायरों ने एक सेशन पहले ही दिन का खेल खत्म करने की घोषणा कर दी थी |




