वर्ल्ड कप के 42वें मुकाबले में आज वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान की टीमें आमने-सामने
वर्ल्ड कप के 42वें मुकाबले में गुरुवार को हेडिंग्ले में वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनोें टीमें पहले ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं। विंडीज इस टूर्नामेंट में सिर्फ एक ही जीत दर्ज कर पाया, वहीं अफगान टीम को अब तक सफलता नहीं मिली। वह अपने आखिरी लीग मुकाबले में विंडीज को हराकर जीत के साथ घर लौटना चाहेगा। दोनों टीमें इंग्लैंड के मैदान पर पहली बार एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। वेस्टइंडीज की टीम 8 मैचों में 3 पॉइंट्स के साथ नौवें नंबर पर है।
अफगानिस्तान बिना इतने ही मैचों में बिना जीत के आखिरी स्थान पर है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 5 वनडे खेले गए। इनमें अफगानिस्तान को 3 में जीत मिली, जबकि विंडीज को सिर्फ एक में सफलता मिली। एक मैच बेनतीजा रहा। पिछले दो मुकाबलों में अफगानिस्तान ने वेस्टइंडीज को हराया। ये दोनों मैच वर्ल्ड कप क्वालिफायर में खेले गए थे। लीड्स में दिनभर मौसम सुहाना रहेगा। बारिश की संभावना नहीं है और तापमान 14 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। पिछले मैचों में पिच पारी आगे बढ़ने के साथ धीमी हो रही थी, जिससे स्पिनर्स को मदद मिल रही थी। बादल छाए रहने की वजह से एक बार फिर गेंदबाजों को ही मदद मिलने की संभावना है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी कर के 250 रन के ऊपर का टारगेट देना पसंद करेगी।























