आज कुलदीप यादव की कोशिश, यह नया मुकाम हासिल करने की
भारत के 'चाइनामैन' गेंदबाज कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) वनडे क्रिकेट में विकेटों का सैकड़ा लगाने से चार विकेट दूर हैं। भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ बुधवार (14 अगस्त) को तीसरा वनडे खेलना है और कुलदीप यादव की कोशिश होगी कि वह इस मैच में यह मुकाम हासिल कर लें। कुलदीप ने 2017 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ही पदार्पण किया था। उनके अभी 53 वनडे मैचों में 96 विकेट हैं। अगर कुलदीप यादव बुधवार के मैच में चार विकेट ले लेते हैं तो वह वनडे में भारत के लिए सबसे तेजी से 100 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे।
वह इस मामले में मोहम्मद शमी को पीछे छोड़ देंगे। शमी ने 56 मैचों में 100 का आंकड़ा छुआ था। आईपीएल 2019 के बाद आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 में भी कुलदीप यादव कुछ खास परफॉर्म करने में कामयाब नहीं रहे हैं। हालांकि, वेस्टइंडीज दौरे पर दूसरे वनडे में कुलदीप यादव ने दो विकेट झटके। वर्ल्ड कप के बाद अब तीसरे वनडे में कुलदीप के पास यह खास रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करने का मौका है। आपको बता दे कि सबसे तेज वनडे क्रिकेट में 100 विकेट लेने की सूची में अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान का नाम दर्ज है। राशिद खान ने यह रिकॉर्ड 44 मैचों में अपने नाम किया है।




