दक्षिणी कैलिफोर्निया में 7.1 की तीव्रता का भूकम्प आया
दक्षिणी कैलिफोर्निया में शुक्रवार रात आठ बजकर 19 मिनट पर 7.1 की तीव्रता का भूकम्प आया। 'अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे ने बताया कि एक दिन पहले भी इस इलाके में 6.4 तीव्रता का भूकम्प आया था। अमेरिकी भूतत्व वैज्ञानिेकों के अनुसार, यह भूकंप रिजक्रेस्ट के उत्तरपूर्व में 11 मील दूर था। यानी लॉस एंजिल्स से करीब 150 मील दूर था। इससे एक दिन पहले जो भूकंप आया था उसके बाद आने आफ्टर शॉक की संख्या 1400 से ज्यादा थी। एक के बाद एक आए झटकों से लोग दहशत में आ गए हैं।
गुरुवार को आए झटके स्थानीय समयानुसार 10 बजकर 33 मिनट पर सैन बर्नार्डिनो काउंटी में सियरलेस वैली से 10 किलोमीटर दूर रेगिस्तानी क्षेत्र में महसूस किए गए थे। लॉस एंजिलिस से 160 मील दूर पड़ोसी शहर नवेडा के लास वेगस में भी इसका असर महसूस किया गया था। कैलिफॉर्निया में साल 1999 में 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था। माना जा रहा है कि अब 7.1 तीव्रता का यह झटका दूसरा सबसे शक्तिशाली भूकंप है। दो दिन पहले आए भूकंप से इमारतों और सड़कों को नुकसान पहुंचा था।





