पीएम मोदी 22 अगस्त से 26 अगस्त तक तीन देशों की यात्रा पर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस, संयुक्त अरब अमीरात और बहरीन के लिए गुरूवार को रवाना होने से पहले कहा कि उनकी इस यात्रा से भारत के सदाबहार मित्रों के साथ संबंध और मजबूत होंगे तथा सहयोग के नए क्षेत्र तलाशे जाएंगे। पीएम मोदी 22 अगस्त से 26 अगस्त तक तीन देशों की यात्रा पर हैं। वे गुरूवार को फ्रांस पहुंचेंगे। पीएम मोदी ने जाने से पहले दिए गए अपने बयान में कहा कि फ्रांस भारत का मजबूत रणनीतिक साझेदार है और दोनों ही देश इसकी अहमियत गहराई से समझते हैं और इसे साझा करते हैं। प्रधानमंत्री 22-23 अगस्त को फ्रांस में द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। इस दौरान वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बातचीत करेंगे और प्रधानमंत्री एडवर्ड फिलिप से मिलेंगे। वहीं संयुक्त अरब अमीरात की अपनी यात्रा को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि वह अबु धाबी के शहजादे शेख मोहम्मद बिन जाएद अल नाहयान से मिलने और आपसी हित वाले क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों पर द्विपक्षीय वार्ता करने के लिए उत्साहित हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मानने के लिए शहजादे के साथ संयुक्त रूप से टिकट जारी करने की खातिर भी वह उत्सुक हैं। एक बयान में उन्होंने कहा कि इस यात्रा में संयुक्त अरब अमीरात सरकार द्वारा उन्हें दिया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ऑर्डर ऑफ जायद पाना उनके लिए गौरव की बात होगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री 24-25 अगस्त को बहरीन में होंगे। भारत के किसी भी प्रधानमंत्री की यह पहली बहरीन यात्रा होगी। मोदी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री प्रिंस शेख खलीफा बिन सलमान अल खलीफा से मिलने और उनके साथ आपसी हित वाले क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री इस दौरान बहरीन के शाह शेख हमाद बिन इसा अल खलीफा और अन्य नेताओं से मुलाकात करेंगे।




