शनिवार को 90 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने भगवान बालाजी के दर्शन किए
तिरुपति बालाजी मंदिर दुनिया के सबसे धनवान मंदिरों और प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है | तिरुपति के बालाजी मंदिर की महिमा देश-दुनिया में हर जगह प्रचलित है, ऐसे में हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु बालाजी के दर्शन के लिए तिरुपति पहुंचते हैं, लेकिन इस बार तिरुपति में भक्तों का ऐसा सैलाब देखने को मिला कि हर कोई हैरान रह गया | इस बार तिरुपति के बालाजी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है | यह भीड़ छुट्टियों के बीच दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के चलते उमड़ी है | श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का अंदाजा आप इससे लगा सकते हैं कि दर्शन के लिए लगभग 2 किमी लंबी लाइन लगी हुई है |
मंदिर प्रशासन (टीटीडी) ने श्रद्धालुओं के लिए दूध, भोजन और पानी का इंतजाम किया है | शनिवार को 90 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने भगवान बालाजी के दर्शन किए | ऐसे में यहां 54,483 मुंडन संस्कार भी हुए | इतना ही नहीं, TTD के विशेष अधिकारी एवी धर्म रेड्डी ने बताया कि आज भी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ सकती है | करंट बुकिंग टिकट, दिव्य दर्शन कोटा फुल है | अब तक की स्थिति यह है कि मंदिर के सभी कंपार्टमेंट फुल हैं | श्रद्धालु मंदिर के बाहर 'क्यू कॉम्प्लेक्स' में दर्शन के लिए इंतजार कर रहे हैं | अब सर्वदर्शन के लिए करीब 26 घंटे का वक्त लगेगा | शनिवार को मंदिर प्रशासन को करीब 2.61 करोड़ का चंदा मिला |




