बीजिंग पर बरसे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, कहा- हमें चीन की जरूरत नहीं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने पेइचिंग पर हमला बोलते हुए चीन (China) की ओर से नए शुल्क लगाने की योजना पर त्वारित जवाबी कार्रवाई का संकल्प लिया | ट्रंप ने अमेरिकी कंपनियों से चीन छोड़ने को कहा है | ट्रंप ने कहा कि हमें चीन की जरूरत नहीं है | अगर ईमानदारी से कहूं तो हम उनके बिना बहुत बेहतर होंगे | व्यापार युद्ध पहले ही अमेरिका की प्रगति की रफ्तार कम कर चुका है और वैश्विक अर्थव्यवस्था को कमज़ोर किया है और शेयर बाजारों की भी हालात खराब की है | अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे देश को इतने सालों में चीन में खरबों डॉलरों का नुकसान हुआ है | उन्होंने एक साल में अरबों डॉलर की कीमत पर हमारी बौद्धिक संपदा को चुराया है और वे यह जारी रखना चाहते हैं, लेकिन मैं यह नहीं होने दूंगा |

उन्होंने कहा कि हमारी महान अमेरिकी (United States) कंपनियों को आदेश दिया जाता है कि वे चीन का विकल्प देखना शुरू कर दें और वे वापस देश आने का भी विकल्प रखें तथा अमेरिका में अपने उत्पाद बनाएं | ट्रंप ने इस सवाल को खारिज किया कि क्या चीन के साथ व्यापार युद्ध (Trade War) से अमेरिका मंदी में फंस सकता है | उन्होंने इस तरह की बातों को अप्रसांगिक बताया और कहा कि 'चीन को घेरना' जरूरी है | यह हमारे देश के लिए अच्छा है या बुरा, यह समय की बात है | अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह संकेत देने की कोशिश की है कि उनके पास शुल्क लगाने के अलावा कोई और विकल्प नहीं था | ट्रंप का मानना है कि अमेरिका पर मंदी का कोई खतरा नहीं है और यदि फेडरल रिजर्व नीतिगत ब्याज दर में कटौती करेगा तो अर्थव्यवस्था में उछाल की संभावना है |




