पटना और बोधगया ब्लास्ट का एक आरोपी हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया
वर्ष 2013 के बोधगया (Bodh Gaya) और पटना ब्लास्ट (Patna Blast) का एक आरोपी हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया है | संदिग्ध सिमी आतंकी (SIMI) का नाम अजहरुद्दीन उर्फ केमिकल अली है | जानकारी के मुताबिक, पटना और बोधगया में हुई इन दो घटनाओं में सुरक्षा एजेंसियों को उसकी तलाश थी | बताया जा रहा है कि उसे कई दिन पहले गिरफ्तार कर लिया गया था | पटना और बोधगया ब्लास्ट मामले में अब तक 17 संदिग्धों की गिरफ्तारी हो चुकी है | लेकिन, अजहरुद्दीन उर्फ केमिकल अली फरार चल रहा था | उसे हैदराबाद एयरपोर्ट पर छतीसगढ़ पुलिस औऱ एटीएस ने गिरफ्तार किया है | केमिकल अली के पास से पुलिस ने पासपोर्ट, दो ड्राइविंग लाइसेंस और मतदाता पहचान पत्र भी जब्त किया है |
पटना के गांधी मैदान में 27 अक्टूबर 2013 को नरेंद्र मोदी की 'हुंकार रैली' थी | इस रैली में पटना के गांधी मैदान में बड़ी तादाद में लोगों की भीड़ जुटी थी | मोदी की रैली के दौरान ही पटना में जगह-जगह सीरियल धमाके हुए थे | जानकारी के मुताबिक, छह साल पहले हुई इस घटना में पांच धमाके गांधी मैदान के आसपास ही हुए थे | इसके बाद रैली में भगदड़ मच गई थी | इस रैली में जब धमाके हो रहे थे, तब आयोजकों समेत नरेंद्र मोदी ने लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की थी | बिहार के बोधगया में हुए धमाके में कई तिब्बती भिक्षु और पर्यटक घायल हो गए थे | ये धमाके बौद्ध भिक्षुओं को निशाना बनाकर किए गए थे |

