राजस्थान में पानी के निजी टैंकर चालकों ने हड़ताल का ऐलान कर दिया
जयपुर शहर में 30 फीसदी क्षेत्र में पानी सप्लाई करने वाले पानी के निजी टैंकरों ने हड़ताल का ऐलान कर दिया है | शहर में न्यूनतम 180 रुपए और 20 किलोमीटर तक 312 रुपए तक ही प्रति टैंकर दरें तय करने के बाद जयपुर शहर में पानी की सप्लाई गड़बड़ा गई है | निजी टैंकर चालकों की मांग है कि जबतक कलेक्टर, टैंकरों की दरों को वापस नहीं लेते, हड़ताल जारी रहेगी | फिर चाहे लोग प्यासे मरें | हड़ताली टैंकर चालकों का कहना है कि कलेक्टर ने एसी कमरों में बैठकर दरें तय कर दी है | उन्हें जमीनी हकीकत पता ही नहीं है |
उधर कलेक्टर जगरूप सिंह यादव भी हड़तालियों की हेकड़ी के आगे सरेंडर करने के मूड में नहीं हैं | उन्होंने पीएचईडी विभाग को उन इलाकों में पानी सप्लाई की कमान दी है | कलेक्टर और ऑपरेटर्स के बीच पिस रही है प्यासी जनता क्योंकि PHED हफ्ते भर पहले ही पानी सप्लाई में हाथ खड़े कर चुका है | टैंकर ऑपरेटर की मांग है कि नई दरों पर दोबारा विचार हो | टैंकर चालक यूनियन को बुलाकर उनसे भी समस्याएं पूछी जाएं | करीब तीन साल पहले भी पानी को लेकर ये कवायद हो चुकी है लेकिन टैंकर संचालकों के विरोध के चलते प्रशासन को बैकफुट पर आना पड़ा था | अब पहल गहलोत सरकार को करनी होगी | खासकर पेयजल मंत्री बीडी कल्ला को, ताकि राहत की बूंदें फाइलों से निकलकर आम जनता के घरों में पहुंचे |




