UP board exam 2020: हर एग्जाम सेंटर का कंट्रोल रूम में देखा जाएगा लाइव प्रसारण
बोर्ड ऑफ हाई स्कूल एंड इंटरमीडिएट एजुकेशन उत्तर प्रदेश (UP board) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2020 के लिए सुरक्षा के इंतजाम कड़े करने की पूरी तैयारी कर ली है | राज्य सरकार ने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट 2020 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए केंद्र निर्धारण नीति जारी कर दी है | इसके लिए सूची 30 नवंबर तक जारी कर दी जाएगी | यूपी बोर्ड में सुरक्षा के तहत हर एग्जाम सेंटर की वेबकास्टिंग होगी | वेबकास्टिंग के लिए हर जिले में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा | इस कंट्रोल रूम में उस जिले के किसी भी स्कूल का लाइव प्रसारण देखा जा सकेगा |
2020 की परीक्षा में सभी स्कूलों में वेबकास्टिंग के लिए सीसीटीवी, वायस रिकॉर्डर और राउटर अनिवार्य कर दिया है | बता दें कि 2019 की परीक्षा में बोर्ड ने प्रयोग के तौर पर अलीगढ़, बुलंदशहर और प्रयागराज के कुछ केंद्रों की वेबकास्टिंग की थी | हर जिले में 15-16 कम्प्यूटर वाला कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जिसकी मॉनिटरिंग के लिए दो-दो शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी | यहां डीएम की ओर से एक प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेगा | उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं का शेड्यूल पहले ही जारी किया जा चुका है |

बोर्ड की सचिव नीना श्रीवास्तव ने परीक्षाओं का शेड्यूल जारी करते हुए कहा कि यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होगी | बोर्ड परीक्षा 6 मार्च को संपन्न हो जाएगी | इसके बाद बोर्ड 15 से 25 मार्च के बीच उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन का काम पूरा कर लेगा | साथ ही 20 से 25 अप्रैल के बीच रिजल्ट जारी कर दिए जाएंगे | बता दें कि यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा 12 दिनों में और इंटरमीडिएट की परीक्षा 15 दिनों में सपन्न होगी |


