बंद हो जाएंगे 7 करोड़ मोबाइल नंबर
अगर आप एयरसेल (Aircel) और डिशनेट ( Dishnet Wireless) यूजर्स हैं तो आपका नंबर 31 अक्टूबर के बाद बंद हो जाएगा। अपने नंबर पर सेवा जारी रखने के लिए जरूरी है कि 31 अक्टूबर से पहले अपने नंबर को दूसरे नेटवर्क पर पोर्ट करवा लें। TRAI की रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में करीब 70 मिलियन (7 करोड़) एयरसेल के यूजर्स हैं। अगर इन्होंने तय तारीख से पहले नंबर पोर्ट नहीं करवाया तो इनका नंबर अचानक से बंद हो जाएगा। रिलायंस जियो ने 2016 में टेलीकॉम की दुनिया में कदम रखा था। दो साल तक स्ट्रगल करने के बाद एयरसेल ने 2018 के शुरुआती दिनों में ही अपना ऑपरेशन बंद कर दिया। बाद में एयरसेल ने ट्राई (TRAI) का दरवाजा खटखटाया और उसके यूजर्स को अडिशनल UPC (यूनिक पोर्टिंग कोड) की सुविधा दी गई, ताकि यूजर्स सर्विस का लाभ जारी रख सकें। अब ट्राई ने साफ कर दिया है कि एयरसेल यूजर्स के पास नंबर पोर्ट करने के लिए 31 अक्टूबर तक आखिरी मौका है।
इसके बाद नंबर बंद हो जाएगा और वे पोर्ट भी नहीं करवा पाएंगे। 2018 में जब एयरसेल ने अपना ऑपरेशन बंद किया था, उस समय उसके 90 मिलियन (9 करोड़) यूजर्स थे। TRAI के डेटा के मुताबिक 28 फरवरी 2018 से 31 अगस्त 2019 के बीच केवल 19 मिलियन (1.9 करोड़) एयरसेल यूजर्स ने ही मोबाइल नंबर पॉर्टेबिलिटी (MNP) को अपनाया है। बाकी के करीब 70 मिलियन (7 करोड़) यूजर्स के पास एयरसेल का ही नंबर है, जिनके पास यह आखिरी मौका है। एयरसेल और वायरलेस डिशनेट के कस्टमर्स आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, असम, बिहार, दिल्ली, जम्मू एंड कश्मीर, कोलकाता, मुंबई, नॉर्थ ईस्ट, ओडिशा पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश (ईस्ट) और वेस्ट बंगाल सर्कल में हैं, जिनके पास नंबर पोर्ट करवाने का आखिरी मौका 31 अक्टूबर तक है। उसके बाद नंबर पोर्ट करवाना संभव नहीं होगा।


