सोने में आई गिरावट, चांदी ने पकड़ी तेजी
सोने (Gold) के बाद अब चांदी (Silver) ने भी पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है | स्थानीय सर्राफा बाजार में मंगलवार को चांदी भाव 2,000 रुपये के उछाल के साथ 45,000 रुपये प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर को छू गया, जबकि सोने की कीमत 100 रुपये की गिरावट के साथ 38,370 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई | अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की खरीदारी बढ़ने के अलावा मजबूत वैश्विक रुख के चलते प्रमुख तौर पर चांदी की कीमतों में तेजी आई है |

वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोने का भाव 1,520.37 डॉलर प्रति औंस जबकि चांदी का भाव 17.32 डॉलर प्रति औंस रहा | संघ के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र जैन ने कहा, 45,000 रुपये के स्तर पर जाकर चांदी ने अपने सर्वकालिक उच्च स्तर को छुआ है विदेशी बाजारों में मजबूती के रुख से चांदी की कीमतों में तेजी आई है | राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 100-100 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 38,370 रुपये और 38,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ | सोने की गिन्नी का भाव भी 200 रुपये की तेजी के साथ 28,800 रुपये प्रति आठ ग्राम पर बंद हुआ | सोमवार को सोने का भाव 38,470 रुपये प्रति 10 ग्राम के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर को फिर से छू गया था | इस बीच चांदी हाजिर की कीमत 2,000 रुपये की तेजी के साथ 45,000 रुपये प्रति किलोग्राम और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी का भाव 956 रुपये की तेजी के साथ 44,280 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ | चांदी के सिक्कों की भारी मांग रही और इनका भाव 1,000 रुपये की तेजी के साथ लिवाल 89,000 रुपये और बिकवाल 90,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर बंद हुआ |


