राजधानी में 15 जून से मोबाइल वैन से बिलिंग की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी
बिजली उपभोक्ताओं को बिल जमा करने में होने वाली दिक्कत से निजात के लिए राजधानी में मोबाइल वैन से बिलिंग की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। 15 जून तक मोबाइल वैन का संचालन शुरू हो जाएगा। बीकेटी, इटौजा, सहारा एस्टेट, डालीगंज, जीएसआई, दुबग्गा मलिहाबाद और नादरगंज जैसे इलाकों में सुविधा मिलेगी। मौजूदा समय में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की तरफ से बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं में बिलिंग के लिए मोबाइल वैन का संचालन किया जा रहा हैं। ई-सुविधा केन्द्रों का संचालन करने वाली कंपनी मेधज आईटीईएस सल्यूशंस के परियोजना प्रबंधक विनय द्विवेदी के अनुसार मोबाइल वैन चलाने के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
ई-सुविधा केंद्रों का संचालन करने वाली कंपनी के मुताबिक महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है। अपट्रॉन, विश्वास खंड, कानपुर रोड, चंदरनगर और आशियाना उपकेंद्र पर अलग काउंटर शुरू किए गए हैं। जल्द ही बाकी जगह भी सुविधा शुरू की जाएगी। इसके साथ ही बैठने और पेयजल की भी सुविधा मिलेगी।



