पार्टी से सस्पेंड हुए भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का एक वीडियो सामने आया
पत्रकार को धमकाने पर हालही में पार्टी से सस्पेंड हुए भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह बंदूकें लहराते हुए 'राणा जी माफ करना' गाने पर डांस कर रहे हैं | न्यूज एजेंसी एएनआई द्वारा जारी वीडियो में देखा जा सकता है कि विधायक के साथ उनके कुछ अन्य लोग भी डांस कर रहे हैं | वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कहा - मामले को हम देखेंगे | इसके साथ ही हम लोग यह जांच भी करेंगे कि हथियार लाइसेंसी हैं या नहीं | वहीं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया इंचार्ज अनिल बलूनी का कहना है - मैंने वीडियो देखा है | मैं इसकी निंदा करता हूं | प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ पहले ही ऐसी शिकायतें आ चुकी हैं, जिसके लिए उन्हें तीन महीने के लिए सस्पेंड किया गया था | इसके बारे में उत्तराखंड यूनिट से बात करेंगे | कड़ी कार्रवाई की जाएगी |

वीडियो में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है, इसलिए हम उसे शेयर नहीं कर रहे हैं | उत्तराखंड भाजपा के महासचिव नरेश बंसल ने बताया था कि चैंपियन के खिलाफ अनुशासनहीनता के लगातार लग रहे आरोपों और हाल में एक पत्रकार को धमकी दिये जाने के आरोपों की शुरूआती जांच के बाद उन्हें पार्टी से तीन माह के लिये निलंबित किया गया है | उस वक्त एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें चैंपियन नई दिल्ली में उत्तराखंड निवास में इलैक्ट्रॉनिक मीडिया के एक पत्रकार को धमकी देते हुए दिखायी दे रहे थे | इससे पहले भी, झबरेडा के पार्टी विधायक देशराज कर्णवाल के साथ उनका लंबे समय तक सार्वजनिक रूप से वाकयुद्ध चला था |

























