जम्मू के दशहरा ग्राउंड में भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ रावण के पुतले का दहन
जम्मू(Jammu) के दशहरा ग्राउंड गांधीनगर में भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ रावण के पुतले का दहन किया गया। शाम होते ही दशहरा(Dussehra) मैदान पर भगवान श्रीराम के अग्नि बाण ने अहंकारी रावण, मेघनाथ व कुंभकरण के पुतलों का दहन कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। दशहरा मैदान पर दशानन का दहन देखने के लिए जन सैलाब उमड़ा। इस दौरान मैदान के दोनों तरफ की सड़कें लोगों से खचाखच भरी रहीं। दशानन दहन के समय वीर बजरंगी और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा गांधीनगर गूंज उठा। बुराई पर अच्छाई का प्रतीक दशहरा (Dussehra) पर्व पर भगवान राम की झांकी निकाली गई।
यहाँ श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर प्रबंधक ट्रस्ट के बैनर तले दशहरा पर्व कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें संदेश देता है कि बुराई चाहे कितनी भी बड़ी हो एक दिन उसका विनाश होता ही है। कार्यक्रम में एमएलसी विक्रम रंधावा, पार्षद वार्ड-21 भानू महाजन, मंदिर ट्रस्ट के चेयरमैन ठाकुर गुलचैन सिंह चाढ़क मौजूद रहे। रावण दहन के समय पटाखों के शोर से पूरा गांधीनगर गूंज उठा।


