AUSvIND: दूसरे दिन का खेल समाप्त, भारत ने पहली पारी 443/7 पर घोषित की, ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 8/0
भारतीय टीम ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉक्सिंग-डे टेस्ट के दूसरे दिन अपनी पहली पारी 7 विकेट पर 443 रन के स्कोर पर घोषित की, जिसके जवाब में स्टंप्स तक ऑस्ट्रेलिया ने 6 ओवर में बिना किसी नुकसान के 8 रन बना लिए हैं। मार्कस हैरिस 5* और आरोन फिंच 3* रन क्रीज पर जमे हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया अभी भारत के स्कोर से 435 रन पीछे हैं जबकि उसके सभी विकेट हाथ में हैं।
इससे पहलेआज भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉक्सिंग-डे टेस्ट के दूसरे दिन अपनी पहली पारी 169.4 ओवर में सात विकेट पर 443 रन के स्कोर पर घोषित की। रोहित शर्मा 114 गेंदों में 5 चौके की मदद से 63 रन बनाकर नाबाद रहे।
आज दिन के शुरुआत में टीम इंडिया को पुजारा और कप्तान विराट कोहली ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले सत्र में 62 रन जोड़े, लेकिन टीम को कोई नुकसान नहीं होने दिया। पुजारा-कोहली ने तीसरे विकेट के लिए 170 रन की साझेदारी की।
इस बीच पुजारा ने अपने करियर का 17वां टेस्ट शतक जमाया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथा जबकि मौजूदा सीरीज में दूसरा शतक ठोका। सौराष्ट्र के बल्लेबाज ने नाथन लियोन द्वारा किए पारी के 114वें ओवर की पहली गेंद पर मिड-ऑफ की दिशा में चौका जमाकर अपना सैकड़ा पूरा किया।
पुजारा ने 280 गेंदों में 10 चौकों की मदद से शतक पूरा किया। इसी के साथ पुजारा ने शतकों के मामले में पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को पीछे छोड़ा जबकि वीवीएस लक्ष्मण की बराबरी पर पहुंचे।
लंच के बाद कप्तान विराट कोहली ने तेजी से रन बनाने की ठानी। हालांकि, इस कारण वह अपना शतक पूरा करने और इतिहास रचने से चूक गए। मिचेल स्टार्क की गेंद पर कोहली ने अपर कट शॉट खेला और थर्ड-मैन बाउंड्री पर आरोन फिंच ने उनका आसान कैच लपका। भारतीय कप्तान ने 204 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 82 रन बनाए।
इसके बाद पुजारा अभाग्यशाली रहे क्योंकि पैट कमिंस की गेंद बेहद नीची रही और वह क्लीन बोल्ड हुए। पुजारा ने अपनी मैराथन पारी में 319 गेंदों का सामना किया और 10 चौकों की मदद से 106 रन बनाए।
यहां से अजिंक्य रहाणे (34) ने रोहित शर्मा के साथ पांचवें विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी करते हुए टीम इंडिया को 350 रन के पार लगाया। ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने रहाणे को एलबीडब्ल्यू आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। फिर रोहित शर्मा को ऋषभ पंत का साथ मिला और दोनों ने छठें विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 400 रन के पार लगाया।
इस दौरान रोहित शर्मा ने आरोन फिंच द्वारा किए पारी के 164वें ओवर की चौथी गेंद पर एक रन लेकर अपने टेस्ट करियर का 10वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 97 गेंदों में चार चौके की मदद से पचासा पूरा किया।
'हिटमैन' की टेस्ट टीम में धमाकेदार वापसी रही क्योंकि दूसरे टेस्ट में वह चोट के कारण बाहर हो गए थे। मिचेल स्टार्क ने ऋषभ पंत को उस्मान ख्वाजा के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा।
फिर हेजलवुड ने रवींद्र जडेजा को विकेटकीपर के हाथों कैच आउट कराया तो भारतीय कप्तान कोहली ने पारी घोषणा का इशारा किया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पैट कमिंस को सर्वाधिक तीन विकेट मिले। मिचेल स्टार्क को दो जबकि जोश हेजलवुड और नाथन लियोन को एक-एक विकेट मिला।
मेधज न्यूज़ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक करें। आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं।
...


