पहला टी-20 मैच आज भारत-अफ्रीका के बीच, दोनों टीमें जीत दर्ज करना चाहेंगी
कप्तान विराट कोहली की अगुवाई वाली भारतीय टीम आज से धर्मशाला में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज के साथ ही वर्ल्ड टी-20 खिताब को हासिल करने की तैयारियों में जुट जाएगी | पहले टी-20 मैच में दोनों टीमें जीत दर्ज करना चाहेंगी। आईसीसी रैंकिंग में खराब फॉर्म में चल रही दक्षिण अफ्रीका टीम अभी भी 261 रेटिंग के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि एक के बाद एक सीरीज में जीत दर्ज करवा रही भारतीय टीम 262 अंकों के साथ ऑस्ट्रेलिया के साथ चौथे स्थान पर है। भारतीय टीम का वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में 3-0 की जीत इन तैयारियों की शुरूआत थी जिसने वनडे वर्ल्ड कप की निराशा को कुछ हद तक दूर किया | टीम की असली परीक्षा अब क्विंटन डि कॉक और कैगिसो रबाडा के खिलाफ इस सीरीज के साथ शुरू होगी | रबाडा का अच्छा स्पैल और डेविड मिलर का प्रदर्शन भारतीयों के लिए चुनौती पेश कर सकता है |
अगले साल अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले वर्ल्ड टी-20 के लिए टीम का सही संयोजन तैयार करने की मुहिम में कप्तान कोहली और मुख्य कोच रवि शास्त्री के लिए लगभग 20 मैच बचे हैं | अब भी कई सवाल ऐसे हैं जिनका जवाब टीम प्रबंधन को अगले 13 महीनों में देना होगा और इस दौरान आईपीएल भी आयोजित किया जाएगा | एचपीसीए के पूर्व निदेशक एवं मुख्य कोच रहे विक्रम राठौर धर्मशाला स्टेडियम से ही अपने नए करिअर की शुरुआत करेंगे। विक्रम राठौर संजय बांगड़ के स्थान पर हाल ही में भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच बने हैं। विक्रम राठौर भारत के लिए छह टेस्ट और सात वनडे मैच खेल चुके हैं। राठौर ने उत्तर क्षेत्र से राष्ट्रीय चयनकर्ता के रूप में भी काम किया है। गगल हवाई अड्डे पर दोपहर को एयर इंडिया के विमान से पूर्व भारतीय दिग्गज संजय मांजरेकर, इरफान पठान और कमेंटेटर हर्ष भोगले भी धर्मशाला पहुंचे। उनके आने की किसी को कोई सूचना नहीं थी। अचानक अपने बीच पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों को पा कर उनके प्रशंसक खासे उत्साहित हुए और उनके साथ फोटो भी ली।




