जम्मू-कश्मीर मुद्दे पर गौतम गंभीर और शाहिद अफरीदी आमने-सामने आ गए
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र (यूएन) से इस मामले में दखल देने की मांग की थी | अफरीदी ने कहा - कश्मीर के लोगों को संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के तहत उनके अधिकार दिए जाने चाहिए | यूएन को क्यों बनाया गया है | क्या वह सो रहा है? कश्मीरियों को संयुक्त राष्ट्र प्रस्ताव के तहत उनके अधिकार दिए जाने चाहिए | जैसे हम सबके पास आजादी का अधिकार है वैसे ही | कश्मीर में मानवता के खिलाफ जो बिना उकसावे के अपराध और दखलअंदाजी की जा रही है उसे देखना जरूरी है | इस पर भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने अफरीदी को करारा जवाब दिया है | उन्होंने कहा-अफरीदी ने एकदम सही बात बोली है | मानवता के खिलाफ बिना उकसावे के अपराध और दखलअंदाजी हो रही है | इस मुद्दे को उठाने के लिए उनकी प्रशंसा की जानी चाहिए | बस वह यह बताना भूल गए कि सभी तरह के मानवाधिकारों का उल्लंघन पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में हो रहा है | कोई बात नहीं, हम जल्द ही इसका समाधान कर देंगे | बता दें कि गंभीर और अफरीदी मैदान पर भी कई बार एक-दूसरे से भिड़ चुके हैं |
अफरीदी पहले भी कश्मीर को लेकर बयान देते रहे हैं | उन्होंने स्वतंत्र कश्मीर का प्रस्ताव भी रखा था | पहले उन्होंने लंदन में छात्रों से बात करते हुए कहा था - मेरा कहना है कि पाकिस्तान को कश्मीर नहीं चाहिए | इसे इंडिया को भी मत दो | कश्मीर को अलग आजाद रहने दो | कम से कम मानवता जिंदा रहेगी | लोगों को मारो तो मत | उन्होंने आगे कहा था - पाकिस्तान को कश्मीर नहीं चाहिए | यह अपने चार हिस्सों को नहीं संभाल पा रहा है |



