भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में जीत से शुरुआत की
भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका (India vs South Africa) के खिलाफ टी20 सीरीज में जीत से शुरुआत की है | उसने बुधवार (18 सितंबर) को खेले गए टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से हराया | यह टी20 सीरीज का दूसरा मैच था | विराट कोहली (Virat Kohli) ने इस मैच के दौरान दो विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए | टीम इंडिया (Team India) ने इस जीत के साथ ही तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त ले ली है | सीरीज का पहला मैच रद्द हो गया था | टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवा कर 149 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 150 रनों का टारगेट दिया | जवाब में भारत ने 19 ओवर में 3 विकेट गंवा कर 151 रन बना लिए और यह मैच जीत लिया | भारत के लिए कप्तान विराट कोहली ने 52 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 72 रनों की पारी खेली |
सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने 31 गेंदों पर 40 रन बनाए | उनकी पारी में चार चौके और एक छक्का शामिल रहा | धवन और कोहली ने फिर दूसरे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी की | धवन अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन डेविड मिलर के एक बेहतरीन कैच ने उनकी पारी का अंत कर दिया | उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का मारा | ऋषभ पंत एक बार फिर अपना बल्ला नहीं रोक पाए | पदार्पण मैच खेल रहे बीजरेन फॉट्यून की गेंद पर तबरेज शम्सी ने उनका कैच पकड़ा | कोहली ने इस बीच अपना अर्धशतक पूरा किया | इसी के साथ कोहली टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं | इस मामले में उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा है |
कोहली के अब टी-20 में 2440 रन हो गए हैं | वहीं रोहित के 2434 रन हैं | श्रेयस अय्यर 16 रन बनाकर नाबाद रहे और कप्तान के साथ टीम को जीत दिला कर लौटे | अय्यर ने ही भारत के लिए विजयी चौका मारा | मेहमान टीम के लिए कप्तान क्विंटन डि कॉक ही अर्धशतक जमा सके | तेम्बा बावुमा एक रन से अर्धशतक से चूक गए | डि कॉक ने 37 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 52 रनों की पारी खेली | बावुमा ने 43 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की सहायता से 49 रन बनाए | भारत के लिए दीपक चहर ने दो विकेट लिए | नवदीप सैनी, रवींद्र जडेजा, हार्दिक पंड्या को एक-एक सफलता मिली |




