INDIA vs WI टेस्ट के दूसरे दिन दिखा इशांत का दम
वेस्ट इंडीज़ ने विवियन रिचर्डस स्टेडियम पर खेले जा रहे पहले टेस्ट में टॉस जीतकर गेंदबाज़ी करने का फैसला लिया था। भारतीय टीम को उसकी पहली पारी में 297 रन पर ऑलआउट करने के बाद अपनी पहली पारी की शुरुआत करने उतरी वेस्टइंडीज को बैकफुट पर धकेल दिया है। बल्ले से उपयोगी पारी खेलने के बाद तेज गेंदबाज इशांत शर्मा (42 रन पर 5 विकेट) की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन 189 रन पर वेस्टइंडीज के आठ विकेट झटक कर उसे संकट में डाल दिया है। इसे देखते हुए वेस्टइंडीज अभी भारत के स्कोर से 108 रन पीछे है जबकि उसके दो विकेट ही शेष है। स्टंप्स के समय कप्तान जेसन होल्डर 20 गेंदों पर एक चौके की मदद से 10 और मिग्यूएल कमिंस दो गेंदों पर खाता खोले बिना नाबाद लौटे। इशांत ने करियर में नौवीं बार पांच विकेट हासिल किया है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में वेस्टइंडीज के खिलाफ कैरेबियाई धरती पर दूसरा बेस्ट प्रदर्शन कर डाला। नार्थ साउंड में ये इशांत का टेस्ट में बेस्ट प्रदर्शन रहा है।

वेस्टइंडीज में इशांत शर्मा के टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में 5 विकेट:
- 6/55 ब्रिजटाउन- 2011
- 5/39 नार्थसाउंट- 2019
- 5/77 रोसेउ- 2011
इंग्लैंड के बाद विंडीज में भी बेस्ट हैं इशांत
ईशांत शर्मा वेस्टइंडीज में अब तक 35 विकेट ले चुके हैं, जो कि उनका विदेशी धरती पर इंग्लैंड के बाद सबसे ज्यादा है। वहीं, ईशांत अब तक 90 टेस्ट मैचों में 34.28 के औसत और 3.19 की इकोनॉमी से कुल 267 विकेट ले चुके हैं। उनका बेस्ट परफॉर्मेंस इंग्लैंड के लॉर्ड्स में 74 रन देकर 7 विकेट रहा है, जो कि उन्होंने साल 2014 में दिया था।
इशांत शर्मा का पहला शिकार क्रैग बैथवेट बने। इशांत ने उन्हें 14 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद इशांत ने केएल राहुल के हाथों रोस्टन चेज को 48 रन पर कैच आउट करवाया। इसके बाद विकेटकीपर शाई होप उनका शिकार बने। इशांत की गेंद पर ऋषभ पंत ने कैच लपका होप 24 रन बनाकर पवेलियन लौट। इसके बाद इशांत शर्मा ने शिमरोन हेटमायर को 35 रन के निजी स्कोर पवेलियन लौटाया। इशांत ने केमार रोच को बिना खाता खोले ही विराट कोहली के हाथों कैच आउट करवा कर वापस भेजा।



