SLvsNZ: टॉम लैथम और हेनरी निकोल्स के शानदार शतक, न्यूजीलैंड विशाल जीत की और अग्रसर..
टॉम लैथम और हेनरी निकोल्स के शतक व कॉलिन डी ग्रैंडहोम के आतिशि अर्धशतक की बदौलत न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में रिकॉर्ड जीत की तैयारी कर ली है। क्राइस्टचर्च में जारी टेस्ट के तीसरे दिन 660 रन के असंभव लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने स्टंप्स के समय 24 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए हैं।
आप को बता दें कि न्यूजीलैंड की पहली पारी 178 रन के जवाब में श्रीलंका की पहली पारी महज 104 रन पर ढेर हो गई थी। इसके बाद कीवी टीम ने अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 585 रन के स्कोर पर घोषित की और श्रीलंका के सामने 660 रन का हिमालयीन लक्ष्य रखा। इसका पीछा करते हुए श्रीलंका ने स्टंप्स तक दो विकेट गंवाए और अब उसे शर्मनाक हार से बचने के लिए कड़ा संघर्ष करना होगा।
न्यूजीलैंड ने तीसरे दिन अपनी पारी 231/2 के स्कोर से आगे बढ़ाई। कीवी टीम को दिन का पहला झटका 247 के स्कोर पर लगा, जब रॉस टेलर 40 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद टॉम लैथम ने हेनरी निकोल्स के साथ मिलकर श्रीलंका को परेशान कर दिया और चौथे विकेट के लिए 214 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाई।
टॉम लैथम ने अपना आठवां शतक लगाया, लेकिन 176 रन बनाकर आउट हो गए और सीरीज में लगातार दूसरा दोहरा शतक लगाने से चूक गए। हेनरी निकोल्स ने भी अपना चौथा टेस्ट शतक पूरा किया और टॉम लैथम के आउट होने के बाद कॉलिन डी ग्रैंडहोम के साथ पांचवें विकेट के लिए 124 रनों की धुआंधार साझेदारी निभाई।

न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी 585/4 के स्कोर पर घोषित की और हेनरी निकोल्स 162 एवं कॉलिन डी ग्रैंडहोम सिर्फ 45 गेंदों में 71 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर नाबाद रहे। श्रीलंका की तरफ से लहिरू कुमारा ने तीन और दिलरुवान परेरा एवं दुश्मांथा चमीरा ने एक-एक विकेट लिया।
660 रनों के विशाल लक्ष्य के सामने श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही और स्टंप्स के समय उनका स्कोर 14 ओवर में 24/2 था। दिमुथ करुनारत्ने (0) को ट्रेंट बोल्ट और दनुष्का गुनातिलका (4) को टिम साउदी ने आउट किया। स्टंप्स के समय दिनेश चंडीमल 14 और कुसल मेंडिस 6 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका को जीत के लिए अभी भी 636 रनों की जरूरत है जबकि कीवी टीम 8 विकेट दूर।
स्कोरकार्ड:
न्यूज़ीलैंड: 178 एवं 585/4 (टॉम लैथम 176, हेनरी निकोल्स 162, कॉलिन डी ग्रैंडहोम 71*)
श्रीलंका: 104 एवं 24/2
मेधज न्यूज़ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक करें। आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं।
...


