आज अमेरिकी संसद में ग्रीन कार्ड से जुड़े बिल पर वोटिंग
अमेरिकी संसद हाउस ऑफ रिप्रेंजेटिव में मंगलवार को ग्रीन कार्ड से जुड़े बिल पर वोटिंग होगी | रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी के 310 से ज्यादा सांसद इस बिल के सपोर्ट में हैं | आपको बता दें कि देश के हिसाब से ग्रीन कार्ड की संख्या सीमित होने के चलते भारत और चीन के नागरिकों को औसतन कम नागरिकता मिल पाती है जबकि अन्य देशों के नागरिकों को आसानी से अमेरिका की स्थायी नागरिकता मिल जाती है | इस संबंध में अमेरिकी संसद में पेश किए गए बिल के पास हो जाने के बाद ग्रीन कार्ड की संख्या पर लगी लिमिट खत्म हो जाएगी | अमेरिका की दोनों पार्टियों (रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक) के ज्यादातर सांसद इस बिल के पक्ष में हैं | ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि इसके कानून बनने में कोई समस्या नहीं होने वाली है |
आपको बता दें कि अमेरिकी संसद में हर साल सभी देशोंं को 7 प्रतिशत ग्रीन कार्ड जारी करने की सीमा खत्म करने वाले बिल पर वोटिंग होगी | ग्रीन कार्ड लोगों को अमेरिका में स्थायी रूप से बसने और काम करने की अनुमति देता है | अगर इस बिल को संसद की मंजूरी मिलती है, तो इसका फायदा हजारों भारतीय पेशेवरों को होगा, जो कानूनी रूप से अमेरिका में बसने की लंबे समय से आस लगाए बैठे हैं | इस बिल के पास हो जाने से अमेरिका में नौकरी के आधार पर मिलने वाली स्थायी नागरिकता दिए जाने संबंधी लिमिट समाप्त हो जाएगी | एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर यह कानून बन जाता है तो भारतीयों को ग्रीन कार्ड के साथ-साथ H-1B वीजा भी ज्यादा संख्या मिलेगा | आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल 2018 तक ही अमेरिका के टेक्नोलॉजी क्षेत्र में 3 लाख भारतीय ऐसे हैं, जो ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे हैं |



