सऊदी एयरपोर्ट पर हुती विद्रोहियों ने किया हमला, एक की मौत
सऊदी अरब के एक एयरपोर्ट पर रविवार शाम यमनी विद्रोहियों के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए | सऊदी सेना के मुताबिक यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो शांति वार्ता के लिए ईरान जाने वाले हैं | पिछले कुछ दिनों में क्षेत्रीय तनाव बढ़ा है | अपना सर्विलांस ड्रोन मार गिराये जाने के बाद अमेरिका लगातार ईरान पर सैन्य कार्रवाई की धमकी दे रहा है |
गुरुवार को ईरान ने अमेरिका के एक सर्विलांस ड्रोन को मार गिराया था | सर्विलांस ड्रोन को मार गिराये जाने के बाद अमेरिका ने ईरान पर और आर्थिक प्रतिबंध लगाने और सैन्य कार्रवाई की धमकी दी है | सऊदी अरब के अभा में एय़रपोर्ट पर जिस यमनी विद्रोही गुट ने हमला किया है उसे हुती के नाम से जाना जाता है | सऊदी अरब पिछले चार साल से भी अधिक समय से यमन के इस विद्रोही गुट से जूझ रहा है | यमनी विद्रोहियों ने 18 जून को विस्फोटक से भरे दो ड्रोनों के माध्यम से सऊदी अरब को निशाना बनाने का प्रयास किया जिनमें से एक को सेना ने मार गिराया था |




