अमेरिका ने भारत से अपनी रक्षा तकनीक सुरक्षा प्रक्रिया को मजबूत करने को कहा
Medhaj news 23 Nov 19,04:37:15 World
रूस से एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली खरीदने के मुद्दे पर अमेरिका ने भारत से अपनी रक्षा तकनीक सुरक्षा प्रक्रिया को मजबूत करने को कहा है। ट्रंप प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अमेरिका के करीबी भागीदार होने के लिए भारत को रक्षा प्रौद्योगिकी की अपनी खरीद और सुरक्षा प्रक्रियाओं को मजबूत करने की जरूरत है। अपनी रक्षा जरूरतों के लिए रूसी हथियारों व प्रौद्योगिकी पर भारत की निर्भरता को स्वीकार करते हुए अमेरिका के विदेश विभाग के एक अधिकारी ने दोहराया कि रूस से प्रमुख हथियार खरीदने वाले देशों पर अमेरिकी कानून के तहत प्रतिबंध के प्रावधान हैं। मगर भारत के मुद्दे पर उन्होंने साफ किया कि ट्रंप प्रशासन की भारत पर प्रतिबंध लगाने की कोई योजना नहीं है। अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर मीडिया के सवालों के जवाब में भारत द्वारा इस प्रणाली को प्राप्त करने के लिए सीधे कुछ नहीं कहा, लेकिन भारत के साथ सहयोग करने में सुरक्षा मुद्दों को उठाया।भारत जमीन से हवा में मार करने वाली दुनिया की सबसे शक्तिशाली एस-400 मिसाइल प्रणाली रूस से खरीद रहा है और अमेरिका इसके खिलाफ है। कुछ ही दिन पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भरोसा जताया कि भारत को यह मिसाइल समय पर मिलेगा। 




