लंदन के स्वामीनारायण मंदिर से तीन मूर्तियां चोरी
लंदन। उत्तरी लंदन स्थित स्वामीनारायण मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण की तीन बेशकीमती मूर्तियां चोरी हो गई हैं। मंदिर प्रशासन का कहना है कि यह घटना शुक्रवार को दीपावली उत्सव के कुछ ही घंटों बाद हुई है। लंदन के विल्सडेन लेन स्थित स्वामीनारायण मंदिर में स्काटलैंड यार्ड के अफसरों को बुलाया गया।
स्थानीय पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। मूर्तियों के अलावा नकद आदि की भी चोरी हुई है। पुलिस अफसर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और फारेंसिक जांच कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मूर्तियां कांसे की हैं और चोरों ने संभवतः उसे सोना का समझकर चुराया होगा। मंदिर प्रशासन के अध्यक्ष कुर्जीभाई केराई ने बताया कि भगवान कृष्ण की तीनों मूर्तियां मंदिर के स्थापना वर्ष 1975 से ही यहां स्थापित थीं।
हमारे समुदाय के लिए इस मूर्ति का बड़ा महत्व है। मंदिर प्रशासन का कहना है कि उनके नियमित पूजा-पाठ में कोई बदलाव नहीं होगा। साथ ही उन्होंने हिंदू समुदाय से मूर्तियों के सही सलामत मंदिर को वापस मिलने की प्रार्थना करने की अपील की है।


