अरुण जेटली का पार्थिव शरीर बीजेपी मुख्यालय के लिए रवाना
पूर्व वित मंत्री अरुण जेटली (Arun Jaitley) का अंतिम संस्कार आज निगम बोध घाट पर दोपहर 2.30 बजे किया जाएगा | अंतिम संस्कार से पहले अरुण जेटली का पार्थिव शरीर पार्टी मुख्यालय में रखा जाएगा | अरुण जेटली का पार्थिव शरीर बीजेपी मुख्यालय के लिए रवाना हो चुका है | अरुण जेटली के पार्थिव शरीर को सेना के ट्रक में ले जाया जा रहा है | भाजपा नेता, विधायक और मित्र भाजपा मुख्यालय में अरुण जेटली के काफिले के साथ जा रहे हैं | बीजेपी मुख्यालय में अरुण जेटली का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा | ब्रिटिश उच्चायुक्त के सर डोमिनिक एस्क्विथ ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली को श्रद्धांजलि दी | उन्होंने कहा कि अरुण जेटली को ब्रिटेन में काफी पसंद किया जाता था | उनके ज्ञान, सौम्यता और खुशमिजाज स्वभाव का हर कोई कायल था | उनकी कमी हमेशा खलेगी | कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोहरा, प्रफुल्ल पटेल, रालोद नेता अजीत सिंह और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और टीडीपी नेता एन चंद्रबाबू नायडू भी अरुण जेटली को श्रद्धांजलि देन उनके आवास पहुंचे हैं | पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पर नेताओं का तांता लगा हुआ है | सुबह बीजेपी नेता राम माधव, कैलाश विजयवर्गीय और शिवप्रताप पहुंचे | वहीं एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने भी जेटली को श्रद्धांजलि दी |
गौरतलब है कि पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का लंबी बीमारी के बाद शनिवार सुबह दिल्ली के एम्स में 66 वर्ष की आयु में निधन हो गया था | सांस लेने की तकलीफ की शिकायत के बाद अरुण जेटली को 9 अगस्त को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया था | यहां उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती रही और उन्हें बाद में लाइव सपोर्ट सिस्टम पर रखना पड़ा | जेटली को गुरुवार को डायलिसिस हुआ था | निधन के बाद जेटली के पार्थिव शरीर को दिल्ली के कैलाश कॉलोनी स्थित उनके आवास पर ले जाया गया था | जहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद एवं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह (Amit Shah) सहित विभिन्न नेताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए | विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं एवं भाजपा (BJP) कार्यकर्ताओं तथा उनके प्रशंसकों ने जेटली को अंतिम विदाई दी | जेटली का पार्थिव शरीर कांच के ताबूत में रखा गया | नेताओं ने इस दौरान श्रद्धासुमन अर्पित किये और पुष्पचक्र चढ़ाया., राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण पीयूष गोयल, हर्षवर्धन, जितेंद्र सिंह और एस. जयशंकर के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित विभिन्न नेताओं ने जेटली को अंतिम विदाई दी |
























