चौंकिएगा नहीं अगर दुकानदार आप से पूछता है की कैसे कमाते हैं, कैसे खर्च करते हैं
अगर दुकान पर सामान खरीदते वक्त दुकानदार आपसे कुछ इस तरह का सवाल पूछता है कि कैसे कमाते हैं, कैसे खर्च करते हैं या फिर आपको क्या खरीदना सबसे ज्यादा पसंद है तो आप चौंकिएगा नहीं | क्योंकि अब सरकार आम लोगों के खर्च का पैटर्न जानने के लिए आर्थिक मेगा सर्वे कराने जा रही है | इसलिए सरकार छोटे कारोबारियों से करार करने जा रही है ताकि उचित जानकारी जुटाई जा सके | सरकार लोगों की आमदनी और खर्च के डेटा का पैटर्न जानकर उसका उपयोग सही पॉलिसी बनाने के लिए करेगी | ज़ाहिर है कि इस तरह की जानकारी देने के लिए हर कोई तैयार नहीं होगा तो दुकानदार आपको इसके लिए प्रोत्साहित करेंगे | यही नहीं दुकानदारों को भी अपनी आमदनी से जुड़ी जानकारी सरकार को देनी होगी |
उन्हें यह भी बताना होगा कि उनका कारोबार किस तरह का है, उनकी दुकान पर कितने लोग काम करते हैं, उनका रहन-सहन कैसा है | इस पूरे सर्वे में देश के करीब सात करोड़ कारोबारियों को शामिल किया जाएगा | उनसे यह भी पूछा जाएगा कि क्या उन्हें लोन की भी ज़रूरत है, सरकारी सेवाओं का उनका अनुभव कैसा रहा है | बता दें कि इस सबके लिए एक खास ऐप भी तैयार किया गया है | इस ऐप के जरिए बेसिक जानकारियां इकट्टा की जाएंगी | इस साल के अगस्त से सरकार ने बिहार, पुडुचेरी, त्रिपुरा और छत्तीसगढ़ से इस मुहिम की शुरुआत की है, लेकिन सीधा ग्राहकों से इस जानकारी को जुटाना मुश्किल हो रहा है इसलिए अब सरकार इसमें दुकानदारों को जोड़ रही है | इस सर्वे में दुकानदारों के अलावा बीस करोड़ परिवारों को भी जोड़ा गया है |

