पेट्रोल के दाम में महंगाई से राहत मिलने की कोई गुंजाइश नहीं
पेट्रोल और डीजल के दाम में महंगाई से राहत मिलने की कोई गुंजाइश नहीं दिख रही है | अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पिछले दिनों कच्चे तेल के दाम में हुई वृद्धि के कारण लगातार छठे दिन मंगलवार को पेट्रोल के दाम में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहा | लगातार छह दिनों की स्थिरता के बाद डीजल की कीमत भी बढ़ गई है | पेट्रोल दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में फिर 15 पैसे जबकि चेन्नई में 16 पैसे प्रति लीटर मंहगा हो गया है और चारों महानगरों में डीजल के दाम में पांच पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई है | इससे पहले तेल विपणन कंपनियों ने लगातार छह दिनों तक डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया था |
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल बढ़कर क्रमश: 74.20 रुपये, 76.89 रुपये, 79.86 रुपये और 77.13 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं | चारों महानगरों में डीजल के दाम भी बढ़कर क्रमश: 65.84 रुपये, 68.25 रुपये, 69.06 रुपये और 69.59 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं | अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में पिछले सत्र की गिरावट के बाद फिर तेजी का रुख बना हुआ है | बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड के भाव में इस महीने दो डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई है |


