स्विट्जरलैंड ने स्विस बैंक में भारतीय खाताधारकों की जानकारी सौंपी
भारत सरकार के पास स्विस बैंकों में खाता रखने वाले भारतीयों की जानकारी आनी शुरू हो गई है | भारत को इस महीने स्विस खातों से जुड़ी कुछ जानकारियां मिली हैं | सरकार इन जानकारियों का अध्ययन कर रही है, ताकि विदेशों में गलत तरीके से पैसे रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके,स्विट्जरलैंड की सरकार के पास उन 100 खातों की जानकारी भी है, जिनके बारे में आशंका है कि इन्हें 2018 से पहले बंद करा दिया गया है | स्विट्जरलैंड की सरकार एक पूर्व समझौते के तहत इन खातों की जानकारी भारत को देने वाली है | भारतीय अधिकारियों ने इन खाताधारकों के खिलाफ टैक्स चोरी के सबूत स्विस अधिकारियों को सौंपे थे | जिन लोगों का खाता इसमें शामिल है वे ऑटो पार्ट्स, केमिकल, टेक्सटाइल, रियल स्टेट, हीरा और जवाहरात, और स्टील के बिजनेस से जुड़े हैं |
नियामक संस्थाओं ने कहा है कि उन खातों की जांच ध्यानपूर्वक की जा रही है, जिसका राजनीतिक लिंक सामने आया है | बता दें कि पिछले ही महीने स्विस अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भारत के दौरे पर था | इस दौरान टैक्स और टैक्स चोरी से जुड़े मुद्दों पर बात हुई थी | स्विट्जरलैंड सरकार द्वारा दी जा रही जानकारियां मुख्य रूप से तीन कैटेगरी में हैं | ये कैटेगरी हैं- खाताधारक की पहचान, खाता संख्या और वित्तीय लेन-देन | जहां तक खाताधारक की पहचान का सवाल है, इसमें खाताधारक का नाम, पता, जन्म तिथि, टैक्स आइडेंटिफिकेशन नंबर होगा, जबकि खाता संख्या में बैंक अकाउंट के अलावा बैंकिंग संस्था के नाम का भी जिक्र होगा | वित्तीय सूचनाओं में ब्याज से होने वाली आय, डिविडेंड और दूसरी आय, इंश्योरेस पॉलिसी से होने वाले लाभ, खाता बैलेंस और संपत्तियों को बेचने से होने वाली आय का जिक्र होगा | बता दें कि भारत के साथ लंबे कानूनी-दांव पेचों के बाद स्विट्जरलैंड इन सूचनाओं को साझा करने को तैयार हुआ है |

